स्थानीय विरोध के चलते गौलापार क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए जाने वाले 2 हजार 224 आवासीय योजना स्थगित
गौलापार क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए जाने वाले 2 हजार 224 आवासीय योजना को स्थगित कर दिया गया है। पदमपुर रैकुनी, चोरगलियां के स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए शासन ने यह निर्णय लिया है।
गौलापार क्षेत्र के पदमपुर रैकुनी और चोरगलियां में नगर निगम की ओर से आवास विहीन लोगों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कार्य शुरू होना था। जिसके विरोध में स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा था। इसे देखते हुए आवास एवं विकास परिषद ने इस योजना का काम आगे नहीं बढ़ाने का फैसला लिया है।
इसमें गौलापार के पदमपुर रैकुनी गांव में 1320 और चोरगलिया के हरिसिंहपुर गांव में 904 आवास बनाने की रूपरेखा बनाई गई थी। यहां तक कि चोरगलिया क्षेत्र में आवासों के डिजाइन का प्रोजेक्ट तैयार हो चुका है। दोनों योजनाओं को केंद्र सरकार से भी अनुमति मिल चुकी है।
स्थानीय लोगों के बढ़ रहे विरोध को देखते हुए यह आवास योजना अब स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। हाउसिंग कमिशनर विनोद कुमार सुमन ने बताया कि गौलापार आवासीय योजना के स्थगित होने पर इसके विकल्प ढूंढे जा रहे हैं।