भारतीय सेना का हिस्सा बने 325 जांबाज, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा

भारतीय सैन्य अकादमी में शनिवार को पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। आईएमए में अंतिम पग भरते ही 325 नौजवान भारतीय सेना का हिस्सा बन गए। इसके साथ ही 70 विदेशी कैडेट भी पास आउट हुए। ‘भारत माता तेरी कसम तेरे रक्षक बनेंगे हम’, आईएमए गीत पर कदमताल करते कैडेट जैसे ही ड्रिल स्क्वायर पर पहुंचे लोंगों ने खड़े होकर उनका स्वागत किया।
सुबह 08 बजकर 45 मिनट पर मार्कर्स कॉल के साथ परेड का आगाज हुआ। उप सेना प्रमुख ले. जनरल एसके सैनी ने परेड की सलामी ली।कंपनी सार्जेट मेजर अभिनव कुटलेरिया, सोनू शर्मा, नागवेंद्र सिंह रंधावा, अक्षत कौशल, नदीम अहमद वानी व रोहित शर्मा ने ड्रिल स्क्वायर पर अपनी जगह ली। एडवांस कॉल के साथ जेंटलमैन कैडेट परेड के लिए पहुंचे। इसके बाद परेड कमांडर माजी गिरिधर ने ड्रिल स्क्वायर पर जगह ली। कैडेट्स की शानदार मार्चपास्ट से हर एक दर्शक मंत्रमुग्ध हो गया।