धनोल्टी ईको पार्क में पर्यटकों की चहल-पहल
उत्तराखंड में पर्यटन नगरी धनोल्टी में स्थित ईको पार्क में सात माह बाद पर्यटकों की चहल-पहल शुरू हो गई। कोविड-19 के कारण बंद पड़े पार्क में बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों ने बच्चों के साथ पार्क की सैर की। प्रशासन ने व्यापारियों और पर्यटकों से मास्क पहनकर सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील की। धनोल्टी में स्थित ईको पार्क कोविड-19 के कारण 18 मार्च को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था। अनलॉक-5 में मिली छूट के बाद पर्यटन स्थलों पर आवाजाही की छूट मिलने पर पर्यटक बड़ी संख्या में प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने धनोल्टी पहुंच रहे थे, लेकिन ईको पार्क बंद होने से बच्चों को खासा निराश होना पड़ रहा था।
कोरोना के भय से सात माह से बंद पड़ा पार्क बृहस्पतिवार को मसूरी वन प्रभाग ने ईको पार्क अंबर और धरा दोनों पार्क खोल दिए, जिससे नजदीगी शहरो से धनोल्टी पहुंचे पर्यटकों ने पार्क में साहसिक खेलों को खूब लुत्फ उठाया।पार्क खोलने से वहां काम कर रहे 30 युवाओं में खुशी की लहर है। पार्क समिति के सचिव तपेंद्र बेलवाल और प्रधान नीरज बेलवाल ने बताया कि पार्क खुलते ही पहले दिन विभिन्न प्रदेशों के करीब डेढ़ सौ पर्यटक पार्क में पहुंचे। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए एसडीएम रविंद्र जुवांठा ने पर्यटकों के बैठने के लिए सड़क किनारे लगाई गई कुर्सियां हटा दी।