रानीखेत -12वीं का छात्र निकला संक्रमित
रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत के एक स्कूल में एक बच्चे के संक्रमित मिलने से अफरातफरी मच गई। आनन फानन में विद्यालय पहुंची संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडे ने तत्काल प्रभाव से विद्यालय को तीन दिन के लिए बंद करा दिया। कक्षा में सभी 15 छात्र छात्राओं को होम आइसोलेट कर दिया गया है। उनकी भी कोरोना जांच की जाएगी।
सुबह विद्यालय पहुंचने पर सभी बच्चों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई, सभी का तापमान ठीक पाया गया। इसके बाद छात्र छात्राओं को कक्षाओं में प्रवेश दिया गया। इसी बीच शिव मंदिर क्षेत्र निवासी 12वीं (सी) कक्षा के छात्र के परिजनों का फोन आया कि वह लोग कोरोना जांच कराने गए हैं, बच्चे की भी जांच करानी है तो उसे भी अस्पताल भेज दिया जाए।
प्रधानाचार्य ने बताया कि अभिभावकों ने ही सुबह लिखित अनुमति के छात्र को स्कूल भेजा था। रैपिड टेस्ट में दोनों अभिभावकों की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आई। इसके बाद छात्र की जांच की गई तो वह भी पॉजिटिव निकला। सूचना के बाद संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय विद्यालय पहुंची। उन्होंने कहा कि विद्यालय को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। संक्रमित छात्र के अलावा उस कक्षा में बैठे 15 अन्य छात्र-छात्राओं को भी होम आइसोलेशन में रखने के निर्देश दिए गए हैं। लक्षण आने पर अन्य बच्चों की कोरोना जांच होगी।