Uttarakhand Board: हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा फार्म भरने विद्यार्थी स्कूल मे आएंगे
कोविड-19 की एसओपी का पालन कर दो नवंबर से नैनीताल जिले में सरकारी एवं अशासकीय माध्यमिक स्कूलों में 10 और 12 वीं कक्षाएं विधिवत शुरू हो गई हैं लेकिन कई स्कूलों में अभी भी बच्चों की उपस्थिति बेहद कम है।
इधर, उत्तराखंड बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के फार्म भेज दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने इस स्थिति को देखते हुए सभी विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा फार्म भरने के लिए बुलाने की अलग-अलग तारीखें तय करने के निर्देश सभी प्रधानाचार्यों को दिए हैं।
उत्तराखंड बोर्ड ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के फार्म निकाल दिए हैं। बिना विलंब शुल्क के बोर्ड परीक्षा फार्म भरने की अंतिम 10 नवंबर निर्धारित है। मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता ने बताया कि सभी विद्यालयों को बोर्ड परीक्षा फार्म भेज दिए गए हैं तथा प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित समय अवधि में बोर्ड परीक्षा भरवाने की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने बताया कि जो बच्चे स्कूल नहीं आ रहे, उनके अभिभावकों से फोन के माध्यम से संपर्क कर बोर्ड परीक्षा भरवाने को कहा गया है। उनका कहना है कि कोरोना काल को देखते हुए बोर्ड परीक्षा फार्म भरने की तिथि बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि जो बच्चे स्कूल नहीं आ रहे हैं उनकी ऑनलाइन पढ़ाई कराए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
