Love Jihad: उत्तराखंड में धर्म स्वतंत्रता कानून को सख्त करने की तैयारी

उत्तराखंड में जानबूझकर विवाह या एजेंडे के जरिये धर्म परिवर्तन के खिलाफ पहले से मौजूद कानून को राज्य की भाजपा सरकार और सख्त बना सकती है। कैबिनेट मंत्री और शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक ने यह बात कही है। हरिद्वार में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी के लव जिहाद को सनातन परंपरा के खिलाफ बताया। साथ ही इसके खिलाफ सख्त से सख्त कानून बनाने की पैरवी के बाद उत्तराखंड में भी लव जिहाद के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई।
महंत नरेंद्र गिरी के बयान के बाद कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सामने आए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वर्ष 2018 में उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता विधेयक पारित कर इसे कानून बना चुकी है। दरअसल लव जिहाद को लेकर देशभर में छिड़ी सियासी बहस के बीच उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की भाजपा सरकारों ने कानून बनाने की घोषणा की है।