अल्मोड़ा मेडिकल कालेज में कोरोना जांच सोमवार से
सोबन सिंह जीना सरकारी चिकित्सा विज्ञान और अनुसंधान संस्थान अल्मोड़ा, मेडिकल कालेज में कोविड-19 की जांच के लिए राज्य की पहली अत्याधुनिक प्रयोगशाला बन कर तैयार हो गई है। सैंपलिंग की गुणवत्ता को पीजीआइ चंडीगढ़ से हरी झंडी मिलने से उत्साहित प्राचार्य डा. रामगोपाल नौटियाल ने कहा कि सोमवार से कोरोना की जांच शुरू कर दी जाएगी। इससे अल्मोड़ा समेत कुमाऊं के अन्य जिलों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही इससे हल्द्वानी एसटीएच का भार भी कम होगा। अब पहाड़ के जिले के लाेगों को मैदान की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इसके साथ ही उनका समय व पैसे की भी बचत होगी।
लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक लैब में कोरोना के साथ ही दूसरे गंभीर रोगों की भी जांच होगी। हालांकि अभी जांच सिर्फ कोरोना पर ही केंद्रीत रहेगी। दो अत्याधुनिक मशीनों से प्रतिदिन 300 नमूनों की जांच होगी। जल्द ही यहां दो और मशीनें स्थापित की जानी हैं। इससे जांच की क्षमता बढ़कर 800 प्रति दिन हो जाएगी। अल्मोड़ा मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. रामगोपाल नौटियाल ने बताया कि पीजीआइ चंडीगढ़ के विशेषज्ञों ने कोरोना संबंधी हमारी रिपोर्टिंग की गुणवत्ता को उमदा पाया है। सोमवार से हम यहां जांच शुरू कर देंगे।