नैनीताल : 31 दिसंबर को दोपहर बाद माल रोड पर नहीं चलेंगे वाहन
नैनीताल। 31 दिसंबर के दिन दोपहर बाद नैनीताल की माल रोड में वाहनों के संचालन की अनुमति नहीं होगी। यही नहीं शहर में भीड़ बढ़ने पर बाहर से आने वाले वाहनों को अस्थायी पार्किंगों पर ही रोक लिया जाएगा। वहां से पर्यटक शटल सेवा से नैनीताल पहुंचेंगे।
हर साल 31 दिसंबर को हजारों सैलानी जश्न मनाने के लिए नैनीताल पहुंचते हैं, इससे नैनीताल की यातायात व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर जाती है। इससे यहां आने वाले सैलानियों और स्थानीय लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। तल्लीताल के थानाध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि अधिकारियों ने 31 दिसंबर को देखते हुए नैनीताल की यातायात व्यवस्था का पूरा प्लान तैयार कर लिया है।
नगर में भीड़ बढ़ने की स्थिति में बाहर से आने वाले वाहनों को नारायण नगर, रूसी बाईपास और पाइंस स्थित अस्थायी पार्किंग स्थलों पर ही रोका जाएगा। वहां उतरने वाले सैलानियों को शटल सेवा के माध्यम से नैनीताल तक लाने और ले जाने की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा नैनीताल शहर की अंदरूनी यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह वन वे रहेगी। अपर माल रोड में वाहनों की आवाजाही दोपहर दो बजे से बंद कर दी जाएगी, जबकि लोअर माल रोड में वाहनों का आवागमन वन वे जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि ऐसे में मल्लीताल की ओर से आने वाले वाहन वाया राजभवन से होकर तल्लीताल की ओर आएंगे।