उत्तराखंड: सरकारी स्कूलों का वार्षिक कैलेंडर जारी ; जानिए कितनी है छुट्टिया साल भर
विद्यालयी शिक्षा निदेशक आरके कुंवर ने अवकाश का वार्षिक कैलेंडर जारी किया । इसके तहत ग्रीष्मकालीन स्कूलों में इस बार 27 मई से 30 जून तक 35 दिन की ग्रीष्मकालीन अवकाश और एक से 13 जनवरी तक 13 दिन की शीतकालीन अवकाश रहेगा । इसी प्रकार शीतकालीन विद्यालयों में 20 से 30 जून तक 11 दिन का ग्रीष्मकालीन अवकाश और 26 दिसंबर से 31 जनवरी तक 37 दिन का शीतकालीन अवकाश मिलेगा। उत्तराखंड के सरकारी विद्यालयों में सत्र 2021-22 में वर्षभर में कुल 48 ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश मिलेंगे।
प्रदेश में पांच हजार फीट या उससे कम ऊंचाई पर स्थित विद्यालयों को ग्रीष्मकालीन विद्यालयों की श्रेणी में रखा गया है, जबकि पांच हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर स्थित विद्यालयों को शीतकालीन की श्रेणी दी गई है। सत्र के दौरान शीतकालीन विद्यालयों में 244 दिन पढ़ाई होगी। ये विद्यालय रविवार, सार्वजनिक अवकाश और शीतकालीन व ग्रीष्मकालीन अवकाश के रूप में 73 दिन बंद रहेंगे। वहीं, ग्रीष्मकालीन विद्यालय 240 दिन खुलेंगे। यहां सभी तरह के अवकाशों को मिलाकर कुल 77 दिन छुट्टी रहेगी। इन अवकाशों के अतिरिक्त विद्यालयों के प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक तीन दिन का विवेकाधीन अवकाश भी दे सकते हैं। जिलाधिकारी भी तीन दिन का स्थानीय अवकाश घोषित कर सकते हैं।
