जंगली सुअर के हमले से महिला की मौत, ग्रामीण ने सुअर को मौत के घाट उतारा

धौलछीना(अल्मोड़ा)। पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई 62 वर्ष की बुजुर्ग महिला पर सुअर ने हमला कर उसे मार डाला। इसी दौरान एक ग्रामीण ने बड़ी हिम्मत व बहादुरी दिखाते हुए कुल्हाड़ी से वार कर सुअर को भी मौते के घाट उतार दिया।
भैंसियाछाना ब्लॉक के नैनी देवल में बुधवार को सरस्वती देवी (62) पत्नी स्व. नारायण राम अन्य महिला संग जंगल गई थी। शाम को लौटते समय महिलाएं जब घर से कुछ ही दूरी पर एक गधेरे से गुजर रहीं थीं, तभी सुअर ने उन पर हमला कर दिया। सुअर सरस्वती के हाथ को जकड़ कर उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगा।
महिला के चिल्लाने पर ग्रामीण रामनाथ गोस्वामी कुल्हाड़ी लेकर सुअर के पीछे दौड़ा और कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। सुअर के हमले में बुरी तरह घायल महिला को भी नहीं बचाया जा सका। महिला का हाथ सुअर के मुंह में फंसा रह गया था।
घटना के बाद विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक महिला के परिवार को सांत्वना दी।