उत्तराखंड सरकार ने जारी की कुंभ की एसओपी

केंद्र के बाद अब राज्य सरकार ने भी कुंभ की विस्तृत एसओपी जारी कर दी है। इसके तहत आश्रम और धर्मशालाओं से लेकर परिवहन तक के लिए अलग-अलग निर्देश जारी किए गए हैं। यात्रियों को पास ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। इस बार कुंभ मेले में बिना रजिस्ट्रेशन और बिना कोविड निगेटिव रिपोर्ट प्रवेश नहीं मिलेगा।
कुंभ मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण को लेकर खास जोर दिया है। एसओपी में कहा गया है कि शाही स्नान की जो तिथियां अधिसूचित होंगी, उन पर हरिद्वार में बाजार बंद रहेंगे। केवल आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलेंगी।
स्नान के लिए केवल 20 मिनट का ही समय दिया जाएगा। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की यह जिम्मेदारी होगी कि 20 मिनट का समय पूरा होते ही वह उस दल को बाहर करेंगे तथा दूसरा दल को स्नान के लिए भेजेंगे | गंगा तट पर तैनात सभी सुरक्षाकर्मी पीपीई किट से लैस होंगे।
रेल से कुंभ मेला आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। उनके पास कुंभ मेले का पंजीकरण होना जरूरी है। इसके अलावा 72 घंटे के भीतर की कोविड निगेटिव रिपोर्ट भी अनिवार्य है। यही नियम बस से आने वालो पर भी लागू किया जाएगा।