सल्ट विधानसभा उपचुनाव की तैयारियां शुरू
सल्ट विधानसभा उपचुनाव के नामांकन सहित अन्य प्रक्रिया के लिए प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने आला अधिकारियों के साथ पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए हैं। डीएम ने राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षों, विद्यालय परिसर व आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण कर अलग-अलग कार्यों के लिए कक्षों का निर्धारण किया।
उन्होंने तहसील परिसर और एसडीएम कार्यालय कक्षों का भी निरीक्षण किया। डीएम ने बताया पूरे जनपद में सल्ट उपचुनाव के तहत आचार संहिता लागू की गई है। चुनाव कार्यक्रम की तिथि के अनुसार नामांकन प्रक्रिया उपजिलामजिस्ट्रेट भिकियासैंण के न्यायालय में संपन्न होगी। पोलिंग पार्टियों की रवानगी सहित मतगणना जीआईसी भिकियासैंण में की जाएगी।