उत्तराखंड में आठ फरवरी से खुलेगे कक्षा 6 से 12 तक के सभी स्कूल

कोरोना के चलते चालू शैक्षिक सत्र में सरकारी और निजी स्कूलों में दस महीने तक बंद पड़ीं छठी से 11वीं तक कक्षाएं आठ फरवरी से प्रारंभ होंगी।
त्रिवेंद्र सिंह रावत मंत्रिमंडल ने शनिवार को प्रदेश में कक्षा छह से 12वीं तक सरकारी और निजी सभी स्कूल अब पूरी तरह खुलेंगे। शिक्षा विभाग कोविड-19 से सुरक्षा को ध्यान में रखकर स्कूलों के लिए एसओपी जारी करेगा।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में शनिवार शाम उनके आवास पर हुई मंत्रिमंडल की बैठक में 17 बिंदुओं पर निर्णय लिए गए। कैबिनेट मंत्री एवं शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक ने बताया कि अगले माह आठ फरवरी से कक्षा छह से 12वीं तक सभी स्कूलों में पढ़ाई सुचारू होगी।
अब छठी से नवीं और 11वीं कक्षाओं के लिए भी स्कूल खोलने पर मंत्रिमंडल ने स्वीकृति दे दी। कोविड-19 से सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर शिक्षा विभाग अलग से एसओपी जारी करेगा। एसओपी में कक्षाओं में छात्र-छात्राओं को भेजने के संबंध में अभिभावकों से सहमति लेना अनिवार्य होगा। कक्षा एक से पांचवीं यानी प्राथमिक तक स्कूल पहले की तरह बंद रहेंगे।