हल्द्वानी बार के पूर्व सचिव मेहता की कोरोना से मौत

हल्द्वानी। हल्द्वानी बार के पूर्व सचिव दिनेश मेहता की कोरोना से मौत हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 48 वर्षीय मेहता को चार दिन पूर्व बुखार आया था। बाद में सांस लेने में भी दिक्कत होने पर वह एसटीएच हल्द्वानी में स्वयं ही स्कूटर से जाकर भर्ती हुए थे। इस पर उनका कोरोना जांच हुई और कोरोना की पुष्टि हुई। बुधवार को उनका रुद्रपुर के किसी व्यक्ति से प्लाज्मा ट्रांसप्लांट भी हुआ था। इसके बावजूद स्वास्थ्य बिगड़ने पर बृहस्पतिवार सुबह उन्हें उपचार के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। जहां सुबह करीब पांच बजे रामपुर के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद उनके साथ गए दो भाइयों की मौजूदगी में हल्द्वानी के राजपुरा स्थित श्मशान घाट में उनका प्रशासनिक मौजूदगी में ऐहतियात के साथ अंतिम संस्कार किया जा रहा है। बताया गया है कि बिठौरिया में रहने वाले उनके संयुक्त परिवार में दो भाई एवं पत्नी व दो बच्चे हैं। पत्नी-बच्चों को अभी घटना की जानकारी नहीं दी गई है।