उत्तराखंड में दिल्ली से आ रहा कोरोना – त्रिवेंद्र

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि जिस तरह चीन से पूरी दुनिया में कोरोना फैला है। उसी तरह अब दिल्ली से उत्तराखंड की ओर कोरोना बढ़ रहा है। ऐसे में जो भी लोग उत्तराखंड की ओर आ रहे है अथवा दिल्ली की ओर जा रहे उन्हें पूरी सावधानी बरतने की जरूरत है। कोरोना के बढ़ते हुए मामलों से प्रदेश सरकार चिंतित है। विशेष रूप से दिल्ली में जिस तरह से कोराना संक्रमितों की संख्या बढ़ी है उसे देखते हुए प्रदेश सरकार के माथे पर चिंता की लकीरे बाद रही हैं।
दिल्ली में कोरोना के बढ़ रहे मामलों पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री पहले ही कोरोना के उत्तराखंड में बढऩे की भी आशंका जता चुके हैं। दरअसल, दिल्ली में बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंडी निवास करते हैं। हाल ही में दीपावली के दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंड आए हैं और यहां से भी बड़ी संख्या में राज्यवासी दिल्ली गए हैं। अब शादियों का सीजन भी शुरू हो चुका है।
शनिवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली से कोराना संक्रमण उत्तराखंड की ओर बढ़ रहा है। दिल्ली में जो आंकड़े आ रहे हैं वे चौंकाने वाले हैं। वह दिल्ली आने जाने वालों से अपील करते हैं कि वे पूरी सावधानी के साथ प्रवास करें। इस बात का विशेष ध्यान रखें कि कहीं वे संक्रमित तो नहीं है।