कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते गंगोलीहाट 48 घंटे के लिए बंद

गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नगर पंचायत क्षेत्र को 48 घंटे के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने शासन के सामने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए क्षेत्र को बंद रखने का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद नगर पंचायत को 23 से 24 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश जारी हो गया है।
एसडीएम भगत सिंह फोनिया ने बताया कि ब्लॉक में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों से वार्ता के बाद 23 से 24 दिसंबर तक क्षेत्र के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों, दुकानें, होटल, बैंक, पोस्टऑफिस बंद रखने का निर्णय लिया गया है। नगर पंचायत के सभी वार्डों में लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। अति आवश्यक सेवा दूध, मेडिकल स्टोर सुबह 9 से दिन में 12 बजे तक खुले रहेंगे।
एसडीएम फोनिया ने बताया कि भूलीगांव और सलाड़ क्षेत्र को माइक्रो कंटेंनमेंट जोन घोषित किया गया है। पिछले पांच दिन में नगर क्षेत्र में 55 पॉजिटिव केस आए हैं। गंगोलीहाट में अब तक 273 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।