रामनगर से चुनाव लड़ेंगे हरीश रावत

Uttarakhand Assembly Elections 2022: कांग्रेस ने आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए 11 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी लिस्ट जारी की। दूसरी सूची में सबसे बड़ा नाम कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत (Harish Rawat) का नाम है, जिन्हें पार्टी ने रामनगर विधानसभा से सीट दिया है। वहीं बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में आए उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत (Harak Singh Rawat) का नाम इस लिस्ट में भी नहीं है। हालांकि उनकी बहू अनुकृति सिंह रावत (Anukriti Gusain Rawat) को कांग्रेस पार्टी ने जरूर लैंसडाउन विधानसभा सीट से टिकट दिया है।
उत्तराखंड में कुल 70 विधानसभा है। दूसरी लिस्ट के 11 उम्मीदवारों को जोड़कर कांग्रेस अब तक राज्य की 64 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। पार्टी को अभी साल्ट, चौबट्टाखाल, टिहरी, हरिद्वार ग्रामीण समेत कुल छह सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा करनी बाकी है। इससे पहले कांग्रेस ने बीते शनिवार को 53 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। इस लिस्ट में पार्टी ने उत्तराखंड के मौजूदा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ भुवन चंद्र कापड़ी को टिकट दिया है। वहीं बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में आए यशपाल आर्य को बाजपुर से चुनाव में उतारा है। जबकि उत्तराखंड के कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को श्रीनगर विधानसभा से टिकट दिया गया है।