Hindi Diwas 2020: आज हिंदी दिवस है
हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। 14 सितबंर 1949 को संविधान सभा में एक मत से हिंदी को राजभाषा घोषित किया गया था। इस निर्णय के बाद हिंदी को हर क्षेत्र में प्रसारित करने के लिए राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, के अनुरोध पर 1953 से पूरे भारत में 14 सितंबर को हर साल हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। हिंदी भारत की 22 भाषाओं में से एक है। अधिकतर भारतीय हिंदी को बोलते और समझते हैं। 
हिंदी दिवस पर हिंदी के प्रसार और प्रचार के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस दिन स्कूल, कॉलेजों में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। 14 सितंबर 1953 को पहली बार देश में हिंदी दिवस मनाया गया था। हिंदी केवल हमारी मातृभाषा या राष्ट्रभाषा ही नहीं अपितु यह राष्ट्रीय अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। भाषा के बिना कोई भी अपनी बात को, अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त नहीं कर पाता। भाषा के जरिए ही विभिन्न प्रकार की संस्कृति को जाना जा सकता है। उसमें हिंदी भाषा बहुत महत्वपूर्ण है। हिंदी में आप सहजता से अपनी बात समझा सकते हैं।
आइए जानते हैं हिंदी से जुड़े ये तथ्य:
अंग्रेजी ने भी कई शब्द हिंदी से लिए हैं। इनमें अवतार, बंग्लो, जंगल, खाकी, कर्म, लूट, मंत्र, निर्वाण, शैंपू, ठग, योग, गुरु आदि।
देश में सबसे पहले बिहार ने हिंदी को कार्यालय की भाषा बनाया।
आजकल सोशल मीडिया हो या गूगल या फिर अमेजॉन सभी हिंदी पर काम कर रहे हैं। इसके पीछे भारत में बढ़ते अवसर हैं। 94 फीसदी की दर से डिजिटल वर्ल्ड में हिंदी सामग्री की दर बढ़ रही है। करीब इतने फीसदी युवा यूट्यूब पर हिंदी में वीडियो देखते हैं। अब इसकी मूल प्रवित्ति को बचाते हुए इसके विस्तार की जिम्मेदारी हमारी है। इसका मतलब ये हरगिज नहीं है कि हिंदी को बढ़ाने के लिए किसी अन्य भाषा को हराना है। दरअसल हिंदी बीज है। बीज बचेगा तो संस्कृति बचेगी। हमें इसकी जड़ों को सींचकर मजबूत करना होगा।