अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों ने की वार्डन की धुनाई
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में बुधवार को हॉस्टल वार्डन का काम देख रहे एसोसिएट प्रोफेसर और एक जूनियर रेजीडेंट के बीच विवाद हो गया। इस पर प्राचार्य के बीच-बचाव के बाद कुछ देर मामला शांत हुआ। लेकिन इसी बीच एक दर्जन से अधिक जूनियर रेजीडेंट डॉक्टर वहां पहुंच गए और उन्होंने वार्डन की जमकर धुनाई कर दी। बाद में दोनों मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थित पुलिस चौकी पहुंचे, जहां काफी देर बहस और के बाद समझौता हो गया।
जानकारी के मुताबिक मेडिकल कॉलेज में जूनियर रेजीडेंट के पद पर कार्यरत एक डॉक्टर पिछले दिनों छुट्टी पर गए थे। पता लगा है कि इनके स्थान पर कोई दूसरे रेजीडेंट डॉक्टर चार दिनों से उपस्थिति हस्ताक्षर कर रहे थे। बुधवार को निरीक्षण पर पहुंचे प्राचार्य डॉ. आरजी नौटियाल के संज्ञान में यह बात आई तो उन्होंने जूनियर रेजीडेंट से इस बारे में पूछताछ की। संबंधित जूनियर रेजीडेंट का का कहना था कि उन्होंने आकस्मिक अवकाश के लिए प्रार्थना पत्र दिया था, उपस्थिति रजिस्टर में उनके स्थान पर हस्ताक्षर किसने किए यह उनकी जानकारी में नहीं है।
इस पर प्राचार्य डॉ. नौटियाल ने इस अनियमितता के बारे में हॉस्टल वार्डन से भी जानकारी हासिल की। जैसे ही प्राचार्य डॉ. नौटियाल वहां से निकले तभी वहां वार्डन ने जूनियर रेजीडेंट को पीट दिया। विवाद बढ़ने की जानकारी मिलने पर प्राचार्य डॉ. नौटियाल भी वहां आ पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव किया। इधर, जूनियर रेजीडेंट की पिटाई की भनक लगते ही एक दर्जन से अधिक जूनियर रेजीडेंट डॉक्टर हॉस्टल से निकल आए। उन्होंने वार्डन को घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। प्राचार्य डॉ. नौटियाल ने दोनों पक्षों को पुलिस चौकी चलने को कहा। चौकी में भी दोनों पक्षों में काफी देर तक विवाद चलता रहा। बाद में प्राचार्य डॉ. नौटियाल के समझाने पर पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में लिखित समझौता हो गया। इसके बाद मामला शांत हुआ। इधर चौकी इंचार्ज सौरभ भारती ने बताया कि इस मामले में किसी ने भी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।