मोदी दिवाली मनाने पहुंचे जैसलमेर पीएम मोदी, जवानों से कहा कि आप लोग हैं तभी देश है और देश के त्योहार हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। वहीं, प्रधानमंत्री बनने के बाद से हर बार की तरह इस बार भी पीएम मोदी दिवाली का त्योहार सैनिकों के साथ मनाने के लिए राजस्थान के जैसलमेर पहुंचे। यहां पर उन्होंने जवानों संग दिवाली मनाई। पीएम मोदी के साथ इस बार चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत, सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे और बीएसएफ के डीजी राकेश अस्थाना मौजूद रहे। जैसलमेर की लोंगेवाला पोस्ट पर जवानों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, दुनिया की कोई भी ताकत हमारे वीर जवानों को देश की सीमा की सुरक्षा करने से रोक नहीं सकती है। उन्होंने जवानों से कहा कि आप लोग हैं तभी देश है और देश के त्योहार हैं।
उन्होंने कहा , भले ही अंतरराष्ट्रीय सहयोग कितना ही आगे क्यों न आ गया हो, समीकरण कितने ही बदल क्यों न गए हों, लेकिन हम कभी नहीं भूल सकते कि सतर्कता ही सुरक्षा की राह है, सजगता ही सुख-चैन का संबल है। सामर्थ्य ही विजय का विश्वास है, सक्षमता से ही शांति का पुरस्कार है।
पीएम मोदी ने कहा, आप भले बर्फीली पहाड़ियों पर रहें या फिर रेगिस्तान में, मेरी दीवाली तो आपके बीच आकर ही पूरी होती है। आपके चेहरों की रौनक देखता हूं, आपके चेहरे की खुशिया देखता हूं, तो मुझे भी दोगुनी खुशी होती है।
दिवाली मनाने कहां-कहां गए पीएम मोदी
पिछले साल दिवाली के मौके पर पीएम मोदी जम्मू-कश्मीर के राजौरी में पहुंचे। यहां पर उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सैनिकों को मिठाई खिलाकर दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
साल 2018 में दिवाली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी का दौरा किया। यहां पर पीएम मोदी ने आईटीबीपी जवानों के संग दिवाली मनाई। पीएम ने जवानों को मिठाई खिलाई और उनका हौसला बढ़ाया।
साल 2017 में दिवाली के पावन मौके पर प्रधानमंत्री मोदी जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में पहुंचे। यहां पर पीएम ने बीएसएफ और सेना के जवानों संग रोशनी के त्योहार को मनाया। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान को कड़ा संदेश भी दिया था।
2016 में दिवाली मनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी हिमाचल प्रदेश के आर्मी और डोगरा स्काउट्स पहुंचे। यहां उन्होंने जवानों को मिठाई खिलाई और उन्हें संबोधित किया।
साल 2015 में पीएम मोदी ने पंजाब में भारतीय सेना के जवानों के बीच दीवाली मनाई थी। इस दौरान उन्होंने 1965 युद्ध के वॉर मेमोरियल जाकर पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया था।
2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने पर पीएम नरेंद्र मोदी दिवाली मनाने सियाचिन गए। यहां उन्होंने जवानों संग दिवाली का त्योहार मनाया।