कोरोना की जाँच के बाद ही कर पाएंगे कुम्भ में स्नान

हरिद्वार में होने वाले आगामी कुंभ मेले के दौरान गंगा स्नान को आने वाले श्रद्धालुओं की राज्य के बॉर्डर पर थर्मल स्क्रीनिंग और एंटीजन टेस्ट किए जाएंगे कोरोना की जांच के बाद ही श्रद्धालु स्नान के लिए आ पाएं। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जनजागरूकता को लेकर सरकार संतों और आश्रमों की भी सहायता लेगी। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आगामी कुंभ मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए ये निर्देश दिए। सीएम ने स्वास्थ्य, सुरक्षा आदि व्यवस्थाओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। सीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित ढंग से कुंभ स्नान की सुविधा देने के लिए सभी सरकारी महकमे समन्वय के साथ काम करें। इसके लिए तय समय पर एडवाइजरी भी जारी कर दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, कुंभ मेले में आने वालों के लिये पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था, एन्ट्री प्वाइंट पर थर्मल स्क्रीनिंग के साथ ही एंटीजन टेस्ट की व्यवस्था करनी होगी। इस पर विशेष ध्यान दिया जाए कि लोग कोविड टेस्ट के बाद ही कुंभ स्नान के लिए आएं। सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी ने हरिद्वार के डीएम को इस बाबत विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाओं के लिए धनराशि की व्यवस्था की जाएगी।डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि कुंभ मेले से सम्बन्धित सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन आदि की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।