औली रोपवे का संचालन सात माह बाद फिर से शुरू

कोरोना महामारी के कारण बंद पड़े औली रोपवे का संचालन सात माह बाद फिर से शुरू हो गया है। अब पर्यटक रोपवे से जोशीमठ नगर और औली का दीदार कर सकेंगे। पहले दिन ही रोपवे से तीन और चेयर लिफ्ट से छह लोग पर्यटन स्थली औली के दीदार को पहुंचे। जोशीमठ से औली तक 4.15 किमी लंबा रोपवे है, जो एशिया का सबसे लंबा रोपवे है। इस रोपवे पर दस टावर हैं। यह 1994 से संचालित हो रही है। गढ़वाल मंडल विकास निगम को रोपवे से करोड़ों का कारोबार होता है। रोपवे की केबिन में एक बार में 25 पर्यटक बैठ सकते हैं। रोपवे के उप प्रबंधक दिनेश मलासी का कहना है कि सात माह बाद रोपवे का संचालन शुरू कर दिया गया है। अब औली में पर्यटकों के बढ़ने की उम्मीद है।