उत्तराखंड : कॉर्बेट पार्क में क्षमता से ज्यादा बाघ; लेकिन विभाग चिंतित जानिए क्यों

कॉर्बेट पार्क का कुल क्षेत्रफल करीब 1230 वर्ग किलोमीटर है जिसमे 252 बाघ हैं।क्षेत्रफल के हिसाब से इसमें 238 बाघ होने चाहिए। यानी कॉर्बेट में क्षमता से करीब 14 बाघ ज्यादा हैं। आने वाले समय में इनकी संख्या में और इजाफा होगा। वन विशेषज्ञों के अनुसार, इससे आपसी संघर्ष, खाने की कमी और अन्य कई तरह की समस्याएं पैदा हो सकती हैं। जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में बाघों की बढ़ती संख्या वन विभाग के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। यहां क्षमता से अधिक बाघों को नियंत्रित करना आने वाले वक्त में मुश्किल होगा।
दूसरी ओर राजाजी नेशनल पार्क में कुल 820 वर्ग किलोमीटर एरिया में करीब 37 बाघ हैं। जबकि इसमें करीब 87 की क्षमता है। ऐसे में इसमें अभी 50 और बाघ रखे जा सकते हैं। इसी तरह प्रदेश में हाथियों की संख्या करीब 1534 हो गई है, जो लगातार बढ़ रही है। इसे भी नियंत्रित करने की योजना है। इसके लिए भारतीय वन्यजीव संस्थान के साथ मिलकर विभाग विशेष कार्ययोजना तैयार कर रहा है।
कॉर्बेट में बाघों की संख्या काफी हो गई है। इसी तरह प्रदेश में हाथियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। इसके चलते क्षेत्रफल कम पड़ रहा है। इससे मानव वन्यजीव संघर्ष बढ़ने का खतरा है। अब संख्या को नियंत्रित करना जरूरी है। नहीं तो इसके कई और दुष्परिणाम सामने आएंगे। इसे लेकर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। – डॉ. हरक सिंह रावत, वन मंत्री