गौरीकुंड-केदारनाथ मार्ग पर बाबा की गाथा के दर्शन
केदारनाथ धाम के दर्शन को आने वाले श्रद्धालु अब गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर केदार बाबा की गाथा के दर्शन कर सकेंगे। चट्टानों और पत्थरों समेत अन्य स्थानों पर शिव के रूपों की आकृतियां उकेगी जाएंगी। जिला प्रशासन की ओर से गौरीकुंड से केदारनाथ तक 17 किमी पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए 50-50 मीटर की दूरी पर चट्टानों, पत्थरों पर केदारनाथ की महिमा के श्लोक भी उकेरे जाएंगे। डीएम वंदना सिंह ने बताया कि गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर बाबा की महिमा का उल्लेख करने के लिए तैयारियां शुरू की गई हैं। इसके लिए चट्टानों और बड़ी-बड़ी शिलाओं का प्रयोग किया जाएगा। चित्र व श्लोक देखकर और पढ़कर धाम पहुंचने वाले भक्तों को वहां के धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
रास्ते में बनेंगे चार आध्यात्मिक केंद्र
गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर चार स्थानों पर आध्यात्मिक केंद्र बनाए जाएंगे, जिनमें श्रद्धालु विश्राम करने के साथ ही योग व ध्यान कर सकेंगे। प्रशासन द्वारा ही आध्यात्मिक केंद्रों के निर्माण के लिए भूमि चयन कर अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएगी। ठंडे मौसम की वर्फ बारी के बाबजूत अभी भी 2 हजार के आस पास श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। धाम में 12 जून से अभी तक कुल 60044 श्रद्धालु धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन कर चुके हैं।