एनडीए ने 125 सीटों के साथ बहुमत हासिल किया लेकिन नीतीश को झटका
टी-20 का रोमांच इस बार बिहार की सियासी पिच पर हुए सांस रोक देने वाले मुकाबले में एक बार फिर बाजी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के हाथ लगी। बिहार के मतदाताओं ने तेजस्वी के युवा नेतृत्व वाले विपक्षी महागठबंधन की जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुआई वाले एनडीए के अनुभवी नेतृत्व को वरीयता दी। लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बड़ा झटका लगा है। एक तरफ जहां इस चुनाव में उन्हें 28 सीटों का नुकसान हुआ है वहीं दूसरी तरफर सरकार में शामिल तीन मंत्री बुरी तरह से पराजित हुए हैं। हारने वाले कद्दावर चेहरों में शहरी विकास मंत्री सुरेश शर्मा, समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह और शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा शामिल हैं। दूसरी तरफ देर रात बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों के आए परिणामों में प्रदेश में सत्ताधारी राजग ने 125 सीटों के साथ बहुमत का जादुई आंकड़ा प्राप्त कर लिया है। राजद के नेतृत्व वाला विपक्षी महागठबंधन 110 सीटों पर सिमट कर रह गया है। इस चुनाव में एआईएमआईएम ने पांच सीटें, लोजपा एवं बसपा ने एक-एक सीट जीती हैं। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार भी जीतने में सफल रहा है। वहीं, एग्जिट पोल फिर बिहार की जनता का मन भांपने में नाकाम साबित हुए।